घनश्यामपुर — दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में कमला नदी से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शनिवार को रसियारी पुल के नीचे कमला नदी में पुल के पिलर के पास प्लास्टिक में लिपटा शव पानी में फंसा मिला। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों की नजर जब नदी में फंसे शव पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नाव की मदद से नदी में जाकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया।

प्लास्टिक और साड़ी में लिपटा था शव

स्थानीय लोगों के अनुसार, शव को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। इसके बाद शव को साड़ी में लपेटकर ऊपर से प्लास्टिक से बांधा गया था। इसी वजह से स्थानीय स्तर पर हत्या के बाद शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई गई।

हालांकि, पुलिस ने फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि शव काफी पुराना है और कई दिनों तक पानी में रहने के कारण शरीर फूल गया है। पहली नजर में शव करीब चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारण और समय की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

दूसरी जगह से बहकर आने की भी आशंका

कमला नदी में इन दिनों पानी का बहाव तेज बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक कमला नदी मधुबनी जिले की ओर से बहते हुए दरभंगा में प्रवेश करती है। ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि शव किसी दूसरे स्थान से पानी में बहकर रसियारी पुल के पास पहुंचा हो और पुल के पिलर में फंस गया हो।

यही वजह है कि पुलिस आसपास के थानों से भी लापता पुरुषों से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि शव की पहचान की जा सके।

शव की पहचान के लिए पुलिस जुटा रही जानकारी

रसियारी पंचायत के चौकीदार संतोष पासवान के मुताबिक स्थानीय लोगों ने डायल-112 के माध्यम से नदी में शव मिलने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला।

घनश्यामपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पहचान के लिए शव को 72 घंटे तक डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखने की बात सामने आई है। इस दौरान आसपास के थानों से लापता पुरुषों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी।

स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो. नसीम ने भी पुलिस को शव मिलने की सूचना देने की बात कही है। बताया गया कि वे प्रखंड मुख्यालय की ओर जा रहे थे, इसी दौरान पुल के नीचे नदी में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। नीचे जाकर देखने पर शव होने की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी मौत की वजह

घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार के अनुसार पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव की पहचान होने के बाद मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारण के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की पहचान करना है। शव किस व्यक्ति का है, उसकी मौत कैसे हुई और वह कमला नदी तक कैसे पहुंचा—इन सवालों का जवाब पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।